नमस्कार,
आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में हम-आप बहुत कुछ पीछे छोड़कर आगे बढ़ते जाते हैं. हम अपने समाज में हो रहे सामजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक बदलावों से या तो अनजान रहते हैं या जानबूझकर अनजान बनने की कोशिश करते हैं. हमारी यह प्रवृत्ति हमारे परिवार, समाज और देश के लिए घातक साबित हो सकती है. अपने इस चिट्ठे (Blog) "समाज की बात - Samaj Ki Baat" में इन्हीं मुद्दों से सम्बंधित विषयों का संकलन करने का प्रयास मैंने किया है. आपके सुझावों का हार्दिक स्वागत रहेगा...कृष्णधर शर्मा - 9479265757

शनिवार, 11 अक्टूबर 2014

सुमित्रानंदन पंत




सुमित्रानंदन पंत (२० मई १९०० - २८ दिसम्बर १९७७) हिंदी साहित्य में छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक हैं। बीसवीं सदी का पूर्वार्द्ध छायावादी कवियों का उत्थान काल था। सुमित्रानंदन पंत उस नये युग के प्रवर्तक के रूप में हिन्दी साहित्य में उदित हुए। इस युग को जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' और रामकुमार वर्मा जैसे छायावादी प्रकृति उपासक-सौन्दर्य पूजक कवियों का युग कहा जाता है। सुमित्रानंदन पंत का प्रकृति चित्रण इन सबमें श्रेष्ठ था। उनका जन्म ही बर्फ़ से आच्छादित पर्वतों की अत्यंत आकर्षक घाटी अल्मोड़ा में हुआ था, जिसका प्राकृतिक सौन्दर्य उनकी आत्मा में आत्मसात हो चुका था। झरना, बर्फ, पुष्प, लता, भंवरा गुंजन, उषा किरण, शीतल पवन, तारों की चुनरी ओढ़े गगन से उतरती संध्या ये सब तो सहज रूप से काव्य का उपादान बने। निसर्ग के उपादानों का प्रतीक व बिम्ब के रूप में प्रयोग उनके काव्य की विशेषता रही। उनका व्यक्तित्व भी आकर्षण का केंद्र बिंदु था, गौर वर्ण, सुंदर सौम्य मुखाकृति, लंबे घुंघराले बाल, उंची नाजुक कवि का प्रतीक समा शारीरिक सौष्ठव उन्हें सभी से अलग मुखरित करता था।




जीवन परिचय  पंत का जन्म अल्मोड़ा ज़िले के कौसानी नामक ग्राम में २० मई १९०० ई. को हुआ। जन्म के छह घंटे बाद ही उनकी माँ का निधन हो गया। उनका लालन-पालन उनकी दादी ने किया। उनका प्रारंभिक नाम गुसाई दत्त रखा गया। वे सात भाई बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा अल्मोड़ा में हुई। १९१८ में वे अपने मँझले भाई के साथ काशी आ गए और क्वींस कॉलेज में पढ़ने लगे। वहाँ से माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण कर वे इलाहाबाद चले गए। उन्हें अपना नाम पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने अपना नया नाम सुमित्रानंदन पंत रख लिया। यहाँ म्योर कॉलेज में उन्होंने बारवीं में प्रवेश लिया। 




१९२१ में असहयोग आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी के भारतीयों से अंग्रेजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, न्यायालयों एवं अन्य सरकारी कार्यालयों का बहिष्कार करने के आह्वान पर उन्होंने महाविद्यालय छोड़ दिया और घर पर ही हिन्दी, संस्कृत, बँगला और अंग्रेजी भाषा-साहित्य का अध्ययन करने लगे।  इलाहाबाद में वे कचहरी के पास प्रकृति सौंदर्य से सजे हुए एक सरकारी बंगले में रहते थे। उन्होंने इलाहाबाद आकाशवाणी के शुरुआती दिनों में सलाहकार के रूप में भी कार्य किया। उन्हें मधुमेह हो गया था। उनकी मृत्यु २८ दिसम्बर १९७७ को हुई। साहित्य सृजन  सात वर्ष की उम्र में, जब वे चौथी कक्षा में ही पढ़ रहे थे, उन्होंने कविता लिखना शुरु कर दिया था। १९१८ के आसपास तक वे हिंदी के नवीन धारा के प्रवर्तक कवी के रूप में पहचाने जाने लगे थे। इस दौर की उनकी कविताएं वीणा में संकलित हैं। १९२६-२७ में उनका प्रसिद्ध काव्य संकलन ‘पल्लव’ प्रकाशित हुआ। कुछ समय पश्चात वे अपने भाई देवीदत्त के साथ अल्मोडा आ गये। इसी दौरान वे मार्क्स व फ्रायड की विचारधारा के प्रभाव में आये। १९३८ में उन्होंने ‘रूपाभ” नामक प्रगतिशील मासिक पत्र निकाला। शमशेर, रघुपति सहाय आदि के साथ वे प्रगतिशील लेखक संघ से भी जुडे रहे। वे १९५५ से १९६२ तक आकाशवाणी से जुडे रहे और मुख्य-निर्माता के पद पर कार्य किया। इन्होनें दूरदर्शन नामक टेलीविजन चैनल का नामकरण किया। उनकी विचारधारा योगी अरविन्द से प्रभावित भी हुई जो बाद की उनकी रचनाओं में देखी जा सकती है।  “वीणा” तथा “पल्लव” में संकलित उनके छोटे गीत विराट व्यापक सौंदर्य तथा पवित्रता से साक्षात्कार कराते हैं। “युगांत” की रचनाओं के लेखन तक वे प्रगतिशील विचारधारा से जुडे प्रतीत होते हैं। “युगांत” से “ग्राम्या” तक उनकी काव्ययात्रा प्रगतिवाद के निश्चित व प्रखरस्वरोंकी उदघोषणा करती है।  उनकी साहित्यिक यात्रा के तीन प्रमुख पडाव हैं – प्रथम में वे छायावादी हैं, दूसरे में समाजवादी आदर्शों से प्रेरित प्रगतिवादी तथा तीसरे में अरविन्द दर्शन से प्रभावित अध्यात्मवादी।   १९०७ से १९१८ के काल को स्वयं उन्होंने अपने कवि-जीवन का प्रथम चरण माना है। इस काल की कविताएँ वीणा में संकलित हैं। सन् १९२२ में उच्छवास और १९२८ में पल्लव का प्रकाशन हुआ। सुमित्रानंदन पंत की कुछ अन्य काव्य कृतियाँ हैं - ग्रन्थि, गुंजन, ग्राम्या, युगांत, स्वर्णकिरण, स्वर्णधूलि, कला और बूढ़ा चाँद, लोकायतन, चिदंबरा, सत्यकाम आदि। उनके जीवनकाल में उनकी २८ पुस्तकें प्रकाशित हुईं, जिनमें कविताएं, पद्य-नाटक और निबंध शामिल हैं। पंत अपने विस्तृत वाङमय में एक विचारक, दार्शनिक और मानवतावादी के रूप में सामने आते हैं किंतु उनकी सबसे कलात्मक कविताएं 'पल्लव' में संकलित हैं, जो १९१८ से १९२५ तक लिखी गई ३२ कविताओं का संग्रह है। विचारधारा  उनका संपूर्ण साहित्य 'सत्यम शिवम सुंदरम' के आदर्शों से प्रभावित होते हुए भी समय के साथ निरंतर बदलता रहा है। जहां प्रारंभिक कविताओं में प्रकृति और सौंदर्य के रमणीय चित्र मिलते हैं वहीं दूसरे चरण की कविताओं में छायावाद की सूक्ष्म कल्पनाओं व कोमल भावनाओं के और अंतिम चरण की कविताओं में प्रगतिवाद और विचारशीलता के। उनकी सबसे बाद की कविताएं अरविंद दर्शन और मानव कल्याण की भावनाओं से ओतप्रोत हैं।  पंत परंपरावादी आलोचकों और प्रगतिवादी व प्रयोगवादी आलोचकों के सामने कभी नहीं झुके। उन्होंने अपनी कविताओं में पूर्व मान्यताओं को नकारा नहीं। उन्होंने अपने ऊपर लगने वाले आरोपों को 'नम्र अवज्ञा' कविता के माध्यम से खारिज किया। वह कहते थे 'गा कोकिला संदेश सनातन, मानव का परिचय मानवपन।' पुरस्कार व सम्मान  हिंदी साहित्य की इस अनवरत सेवा के लिए उन्हें पद्मभूषण(1961), ज्ञानपीठ(1968) साहित्य अकादमी, तथा सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार जैसे उच्च श्रेणी के सम्मानों से अलंकृत किया गया। सुमित्रानंदन पंत के नाम पर कौशानी में उनके पुराने घर को जिसमें वे बचपन में रहा करते थे, सुमित्रानंदन पंत वीथिका के नाम से एक संग्रहालय के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। इसमें उनके व्यक्तिगत प्रयोग की वस्तुओं जैसे कपड़ों, कविताओं की मूल पांडुलिपियों, छायाचित्रों, पत्रों और पुरस्कारों को प्रदर्शित किया गया है। इसमें एक पुस्तकालय भी है, जिसमें उनकी व्यक्तिगत तथा उनसे संबंधित पुस्तकों का संग्रह है। उनका देहांत १९७७ में हुआ। आधी शताब्दी से भी अधिक लंबे उनके रचनाकर्म में आधुनिक हिंदी कविता का पूरा एक युग समाया हुआ है।    
 "निसर्ग में वैश्विक चेतना की अनुभूति: 
सुमित्रानंदन पंत" (पीएचपी). 
ताप्तिलोक. अभिगमन तिथि: 2007.   
 "सुमित्रानंदन पंत" (एचटीएम). उत्तरांचल. अभिगमन तिथि: 2007.   
 "सुमित्रानंदन पंत – जीवन एवं रचना संसार" (एचटीएमएल). साहित्य शिल्पी. अभिगमन तिथि: २००७.     
 "सुमित्रानंदन पंत" (अंग्रेज़ी में) (एचटीएमएल). कल्चरोपेडिया. अभिगमन तिथि: 2007.     "हिंदी लिटरेचर" (अंग्रेज़ी में) (एचटीएम). सीज़ंस इंडिया. अभिगमन तिथि: 2007.   
"ज्ञानपीठ अवार्ड" (अंग्रेज़ी में) (एचटीएम). वेबइंडिया123.कॉम. अभिगमन तिथि: 2007.     "साहित्य एकेडमी अवार्ड एंड फ़ेलोशिप्स" 
(अंग्रेज़ी में) (एचटीएम). साहित्य अकादमी. अभिगमन तिथि: 2007.   
"सुमित्रानंदन पंत" (अंग्रेज़ी में) (एचटीएम). इंडियानेटज़ोन.कॉम. अभिगमन तिथि: 2007.     "कौशानी" (अंग्रेज़ी में) (एएसपी). मेड इन इंडिया. अभिगमन तिथि: 2007.    
"सुमित्रानंदन पंत वीथिका" (अंग्रेज़ी में) (एचटीएम). इंडिया9.कॉम. अभिगमन तिथि: 2007.     "सुमित्रानंदन पंत वीथिका" (अंग्रेज़ी में) (एएसपी). क्राफ़्ट रिवाइवल ट्रस्ट. अभिगमन तिथि: 2007.

 
स्मृति विशेष  उत्तराखंड में कुमायुं की पहाड़ियों पर बसे कउसानी गांव में, जहाँ उनका बचपन बीता था, वहां का उनका घर आज 'सुमित्रा नंदन पंत साहित्यिक वीथिका' नामक संग्रहालय बन चुका है। इस में उनके कपड़े, चश्मा, कलम आदि व्यक्तिगत वस्तुएं सुरक्षित रखी गई हैं। संग्रहालय में उनको मिले ज्ञानपीठ पुरस्कार का प्रशस्तिपत्र, हिंदी साहित्य संस्थान द्वारा मिला साहित्य वाचस्पति का प्रशस्तिपत्र भी मौजूद है। साथ ही उनकी रचनाएं लोकायतन, आस्था, रूपम आदि कविता संग्रह की पांडुलिपियां भी सुरक्षित रखी हैं। कालाकांकर के कुंवर सुरेश सिंह और हरिवंश राय बच्चन से किये गये उनके पत्र व्यवहार की प्रतिलिपियां भी यहां मौजूद हैं।  संग्रहालय में उनकी स्मृति में प्रत्एक वर्ष पंत व्यख्यान माला का आयोजन होता है। यहाँ से 'सुमित्रानंदन पंत व्यक्तित्व और कृतित्व' नामक पुस्तक भी प्रकाशित की गई है। उनके नाम पर इलाहाबाद शहर में स्थित हाथी पार्क का नाम सुमित्रा नंदन पंत उद्यान कर दिया गया है।


सुमित्रानंदन पंत का रचना संसार:-
 सुमित्रानंदन पंत ने अपने जीवन काल में अठ्ठाइस प्रकाशित पुस्तकों की रचना की जिनमें कविताएँ, पद्य-नाटक और निबंध सम्मिलित हैं। हिन्दी साहित्य की इस अनवरत सेवा के लिए उन्हें पद्मभूषण (१९६१), ज्ञानपीठ(१९६८), साहित्य अकादमी तथा सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार जैसे उच्च श्रेणी के सम्मानों से प्रतिष्ठित किया गया।  उनका रचा हुआ संपूर्ण साहित्य सत्यम शिवम सुंदरम के आदर्शों से प्रभावित होते हुए भी समय के साथ निरंतर बदलता रहा है। आपकी प्रारंभिक कविताओं मे प्रकृति एवं सौन्दर्य के रमणीय चित्र मिलते हैं, फिर छायावाद की सूक्ष्म कल्पनाओं एवं कोमल भावनाओं के और इसके बाद प्रगतिवाद की विचारशीलता के। अंत में अरविंद दर्शन से प्रभावित मानव कल्याण संबंधी विचार धारा को आपके काव्य में स्थान मिला।  अल्मोड़ा जिले के कौसानी ग्राम की मनोरम घाटियों में जन्म लेने वाले सौंदर्यवादी श्री सुमित्रानंदन पंत अपने विस्तृत वाङमय में एक विचारक, दार्शनिक और मानवतावादी के रूप में सामने आते हैं किन्तु उनकी सबसे कलात्मक कविताएँ पल्लव में संकलित हैं जो १९१८ से १९२५ तक लिखी गई ३२ कविताओं का संग्रह है।  आधी शताब्दी से भी लम्बे आपके रचना-कर्म में आधुनिक हिन्दी कविता का एक पूरा युग समाया हुआ है।   
 

गंगा
अब आधा जल निश्चल, पीला, -
आधा जल चंचल औ', नीला -
गीले तन पर मृदु संध्यातप
सिमटा रेशम पट-सा ढीला!
ऐसे सोने के साँझ प्रात,
ऐसे चाँदी के दिवस रात,
ले जाती बहा कहाँ गंगा
जीवन के युग-क्षण - किसे ज्ञात!
विश्रुत हिम पर्वत से निर्गत,
किरणोज्ज्वल चल कल उर्मि निरत,
यमुना गोमती आदी से मिल
होती यह सागर में परिणत।
यह भौगोलिक गंगा परिचित,
जिसके तट पर बहु नगर प्रथित,
इस जड़ गंगा से मिली हुई
जन गंगा एक और जीवित!
वह विष्णुपदी, शिवमौलि स्रुता,
वह भीष्म प्रसू औ' जह्न सुता,
वह देव निम्नगा, स्वर्गंगा,
वह सगर पुत्र तारिणी श्रुता।
वह गंगा, यह केवल छाया,
वह लोक चेतना, यह माया,
वह आत्मवाहिनी ज्योति सरी,
यह भू पतिता, कंचुक काया।
वह गंगा जन मन से नि:सृत,
जिसमें बहु बुदबुद युग निर्तित,
वह आज तरंगित संसृति के
मृत सैकत को करने प्लावित।
दिशि दिशि का जन मन वाहित कर,
वह बनी अकूल अतल सागर,
भर देगी दिशि पल पुलिनों में
वह नव नव जीवन की मृदु उर्वर!
अब नभ पर रेखा शशि शोभित
गंगा का जल श्यामल कंपित,
लहरों पर चाँदी की किरणें
करती प्रकाशमय कुछ अंकित!
 
तप रे मधुर-मधुर मन!
विश्व वेदना में तप प्रतिपल,
जग-जीवन की ज्वाला में गल,
बन अकलुष, उज्जवल औ' कोमल
तप रे विधुर-विधुर मन!
अपने सजल-स्वर्ण से पावन
रच जीवन की मूर्ति पूर्णतम,
स्थापित कर जग में अपनापन,
ढल रे ढल आतुर मन!
तेरी मधुर मुक्ति ही बंधन
गंध-हीन तू गंध-युक्त बन
निज अरूप में भर-स्वरूप, मन,
मूर्तिमान बन, निर्धन!
गल रे गल निष्ठुर मन!
आते कैसे सूने पल
जीवन में ये सूने पल?
जब लगता सब विशृंखल,
तृण, तरु, पृथ्वी, नभमंडल!
खो देती उर की वीणा
झंकार मधुर जीवन की,
बस साँसों के तारों में
सोती स्मृति सूनेपन की!
बह जाता बहने का सुख,
लहरों का कलरव, नर्तन,
बढ़ने की अति-इच्छा में
जाता जीवन से जीवन!
आत्मा है सरिता के भी
जिससे सरिता है सरिता;
जल-जल है, लहर-लहर रे,
गति-गति सृति-सृति चिर भरिता!
क्या यह जीवन? सागर में
जल भार मुखर भर देना!
कुसुमित पुलिनों की कीड़ा-
ब्रीड़ा से तनिक ने लेना!
सागर संगम में है सुख,
जीवन की गति में भी लय,
मेरे क्षण-क्षण के लघु कण
जीवन लय से हों मधुमय


द्रुत झरो जगत के जीर्ण पत्र!
हे स्त्रस्त ध्वस्त! हे शुष्क शीर्ण!
हिम ताप पीत, मधुमात भीत,
तुम वीतराग, जड़, पुराचीन!!
निष्प्राण विगत युग! मृत विहंग!
जग-नीड़, शब्द औ' श्वास-हीन,
च्युत, अस्त-व्यस्त पंखों से तुम
झर-झर अनन्त में हो विलीन!
कंकाल जाल जग में फैले
फिर नवल रुधिर,-पल्लव लाली!
प्राणों की मर्मर से मुखरित
जीव की मांसल हरियाली!
मंजरित विश्व में यौवन के
जगकर जग का पिक, मतवाली
निज अमर प्रणय स्वर मदिरा से
भर दे फिर नव-युग की प्याली!


 
मैं नहीं चाहता चिर सुख
मैं नहीं चाहता चिर दुख,
सुख दुख की खेल मिचौनी
खोले जीवन अपना मुख!
सुख-दुख के मधुर मिलन से
यह जीवन हो परिपूरण,
फिर घन में ओझल हो शशि,
फिर शशि से ओझल हो घन!
जग पीड़ित है अति दुख से
जग पीड़ित रे अति सुख से,
मानव जग में बँट जाएँ
दुख सुख से औ' सुख दुख से!
अविरत दुख है उत्पीड़न,
अविरत सुख भी उत्पीड़न,
दुख-सुख की निशा-दिवा में,
सोता-जगता जग-जीवन।
यह साँझ-उषा का आँगन,
आलिंगन विरह-मिलन का;
चिर हास-अश्रुमय आनन
रे इस मानव-जीवन का!




मोह
छोड़ द्रुमों की मृदु छाया
तोड़ प्रकृति से भी माया
बाले तेरे बाल जाल में
कैसे उलझा दूँ लोचन?
भूल अभी से इस जग को!
तज कर तरल तरंगों को
इन्द्रधनुष के रंगों को
तेरे भ्रूभंगों से कैसे
बिंधवा दूँ निज मृग-सा मन?
भूल अभी से इस जग को!
कोयल का वह कोमल बोल
मधुकर की वीणा अनमोल
कह तब तेरे ही प्रिय स्वर से
कैसे भर लूँ सजनि श्रवण?
भूल अभी से इस जग को!
उषा सस्मित किसलय दल
सुधा रश्मि से उतरा जल
ना अधरामृत ही के मद में
कैसे बहाला दूँ जीवन?
भूल अभी से इस जग को!




बाँध दिए क्यों प्राण
बाँध दिए क्यों प्राण प्राणों से
तुमने चिर अनजान प्राणों से
गोपन रह न सकेगी
अब यह मर्म कथा
प्राणों की न रुकेगी
बढ़ती विरह व्यथा
विवश फूटते गान प्राणों से
यह विदेह प्राणों का बंधन
अंतर्ज्वाला में तपता तन
मुग्ध हृदय सौन्दर्य ज्योति को
दग्ध कामना करता अर्पण
नहीं चाहता जो कुछ भी आदान प्राणों से



पाषाण खंड
वह अनगढ़ पाषाण खंड था-
मैंने तपकर, खंटकर,
भीतर कहीं सिमटकर
उसका रूप निखारा
तदवत भाव उतारा
श्री मुख का
सौंदर्य सँवारा!
लोग उसे
निज मुख बतलाते
देख-देख कर नहीं अघाते
वह तो प्रेम
तुम्हारा प्रिय मुख
तन्मय अंतर को
देता सुख




जीना अपने ही में
जीना अपने ही में
एक महान कर्म है
जीने का हो सदुपयोग
यह मनुज धर्म है
अपने ही में रहना
एक प्रबुद्ध कला है
जग के हित रहने में
सबका सहज भला है
जग का प्यार मिले
जन्मों के पुण्य चाहिए
जग जीवन को
प्रेम सिन्धु में डूब थाहिए
ज्ञानी बनकर
मत नीरस उपदेश दीजिए
लोक कर्म भव सत्य
प्रथम सत्कर्म कीजिए




वसंती हवा
चंचल पग दीपशिखा के धर
गृह मग वन में आया वसंत।
सुलगा फागुन का सूनापन
सौंदर्य शिखाओं में अनंत।
सौरभ की शीतल ज्वाला से
फैला उर-उर में मधुर दाह
आया वसंत भर पृथ्वी पर
स्वर्गिक सुंदरता का प्रवाह।
पल्लव पल्लव में नवल रुधिर
पत्रों में मांसल रंग खिला
आया नीली पीली लौ से
पुष्पों के चित्रित दीप जला।
अधरों की लाली से चुपके
कोमल गुलाब से गाल लजा
आया पंखड़ियों को काले -
पीले धब्बों से सहज सजा।
कलि के पलकों में मिलन स्वप्न
अलि के अंतर में प्रणय गान
लेकर आया प्रेमी वसंत-
आकुल जड़-चेतन स्नेह-प्राण।

बाल प्रश्न
माँ! अल्मोड़े में आए थे
जब राजर्षि विवेकानंदं,
तब मग में मखमल बिछवाया,
दीपावलि की विपुल अमंद,
बिना पाँवड़े पथ में क्या वे
जननि! नहीं चल सकते हैं?
दीपावली क्यों की? क्या वे माँ!
मंद दृष्टि कुछ रखते हैं?"
"कृष्ण! स्वामी जी तो दुर्गम
मग में चलते हैं निर्भय,
दिव्य दृष्टि हैं, कितने ही पथ
पार कर चुके कंटकमय,
वह मखमल तो भक्तिभाव थे
फैले जनता के मन के,
स्वामी जी तो प्रभावान हैं
वे प्रदीप थे पूजन के।"
15 अगस्त 1947
 
वृद्ध राष्ट्र को, वीर युवकगण, दो निज यौवन!
नव स्वतंत्र भारत हो जगहित ज्योति-जागरण,
नवप्रभात में स्वर्ण-स्नात हो भू का प्रांगण!
नव-जीवन का वैभव जाग्रत हो जनगण में,
आत्मा का ऐश्वर्य अवतरित मानव-मन में!
रक्त-सिक्त धरणी का हो दु:स्वप्न-समापन,
शांति-प्रीति-सुख का भू स्वर्ण उठे सुर मोहन!
भारत का दासत्व दासता थी भू-मन की,
विकसित आज हुई सीमाएँ जन-जीवन की!
धन्य आज का स्वर्ण-दिवस, नव लोक जागरण,
नव संस्कृति आलोक करे जन भारत वितरण!
नव जीवन की ज्वाला से दीपित हों दिशि क्षण,
नव मानवता में मुकुलित धरती का जीवन



शनिवार, 4 अक्टूबर 2014

हिंदी की पहली बोलती फिल्म-आलमआरा

Alam Ara poster, 1931.jpg

आलमआरा (विश्व की रौशनी) 1931 में बनी हिन्दी भाषा और भारत की पहली सवाक (बोलती) फिल्म है। इस फिल्म के निर्देशक अर्देशिर ईरानी हैं। ईरानी ने सिनेमा में ध्वनि के महत्व को समझते हुये, आलमआरा को और कई समकालीन सवाक फिल्मों से पहले पूरा किया। आलम आरा का प्रथम प्रदर्शन मुंबई (तब बंबई) के मैजेस्टिक सिनेमा में 14 मार्च 1931 को हुआ था। यह पहली भारतीय सवाक इतनी लोकप्रिय हुई कि "पुलिस को भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए सहायता बुलानी पड़ी थी"

आलमआरा एक राजकुमार और बंजारन लड़की की प्रेम कथा है। यह जोसफ डेविड द्वारा लिखित एक पारसी नाटक पर आधारित है। जोसफ डेविड ने बाद में ईरानी की फिल्म कम्पनी में लेखक का काम किया। फिल्म की कहानी एक काल्पनिक, ऐतिहासिक कुमारपुर नगर के शाही परिवार पर आधारित है। फिल्म में एक राजा और उसकी दो झगड़ालू पत्नियां दिलबहार और नवबहार है। दोनों के बीच झगड़ा तब और बढ़ जाता है जब एक फकीर भविष्यवाणी करता है कि राजा के उत्तराधिकारी को नवबहार जन्म देगी। गुस्साई दिलबहार बदला लेने के लिए राज्य के प्रमुख मंत्री आदिल से प्यार की गुहार करती है पर आदिल उसके इस प्रस्ताव को ठुकरा देता है। गुस्से में आकर दिलबहार आदिल को कारागार में डलवा देती है और उसकी बेटी आलमआरा को देशनिकाला दे देती है।

आलमआरा को बंजारे पालते हैं। युवा होने पर आलमआरा महल में वापस लौटती है और राजकुमार से प्यार करने लगती है। अंत में दिलबहार को उसके किए की सजा मिलती है, राजकुमार और आलमआरा की शादी होती है और आदिल की रिहाई।  येह फिल्म अर्देशिर ने एक अंग्रेज़ी फिल्म "शो बोट" को देख कर बनाइ थी।
 फिल्म और इसका संगीत दोनों को ही व्यापक रूप से सफलता प्राप्त हुई, फिल्म का गीत "दे दे खुदा के नाम पर" जो भारतीय सिनेमा का भी पहला गीत था और इसे अभिनेता वज़ीर मोहम्मद खान ने गाया था, जिन्होने फिल्म में एक फकीर का चरित्र निभाया था, बहुत प्रसिद्ध हुआ। उस समय भारतीय फिल्मों में पार्श्व गायन शुरु नहीं हुआ था, इसलिए इस गीत को हारमोनियम और तबले के संगीत की संगत के साथ सजीव रिकॉर्ड किया गया था।  फिल्म ने भारतीय फिल्मों में फिल्मी संगीत की नींव भी रखी, फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने कहा फिल्म की चर्चा करते हुए कहा है, "यह सिर्फ एक सवाक फिल्म नहीं थी बल्कि यह बोलने और गाने वाली फिल्म थी जिसमें बोलना कम और गाना अधिक था। इस फिल्म में कई गीत थे और इसने फिल्मों में गाने के द्वारा कहानी को कहे जाने या बढा़ये जाने की परम्परा का सूत्रपात किया।"

तरन ध्वनि प्रणाली का उपयोग कर, अर्देशिर ईरानी ने ध्वनि रिकॉर्डिंग विभाग स्वंय संभाला था। फिल्म का छायांकन टनर एकल-प्रणाली कैमरे द्वारा किया गया था जो ध्वनि को सीधे फिल्म पर दर्ज करते थे। क्योंकि उस समय साउंडप्रूफ स्टूडियो उपलब्ध नहीं थे इसलिए दिन के शोरशराबे से बचने के लिए इसकी शूटिंग ज्यादातर रात में की गयी थी। शूटिंग के समय माइक्रोफ़ोन को अभिनेताओं के पास छिपा कर रखा जाता था।

मुख्य कलाकार-मास्टर विट्ठल, जुबैदा, पृथ्वीराज कपूर

भारतीय सिनेमा की पहली फीचर फिल्म – राजा हरिश्चंद्र

 
भारतीय सिनेमा की पहली फुल लेंथ फिल्म राजा हरिश्चंद्र, तीन मई, 1913 को प्रदर्शित हुई थी.
इस फीचर फिल्म का निर्माण और निर्देशन धुंदिराज फाल्के उर्फ दादा साहेब फाल्के ने किया था. इस फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता इस फिल्म का पूरी तरह स्वदेश निर्मित होना था. फिल्म बनाने के लिए दादा साहेब फाल्के ने कोई भी विदेशी सहायता नहीं ली थी.   फिल्म राजा हरिश्चंद्र  पौराणिक कथाओं में हम अकसर सत्य के मार्ग पर चलने वाले राजा हरिश्चंद्र के विषय में सुनते आए हैं. भारत की पहली फीचर फिल्म भी इस पात्र पर आधारित एक मूक फिल्म थी. इस फिल्म का निर्देशन गिरगांव (मुंबई) स्थित कोरोनेशन सिनेमा में किया गया था.
  इस फिल्म को देखने के लिए लोग इतने ज्यादा उत्साहित थे कि इसके पहले शो के दौरान जुटी भीड़ सिनेमा हॉल से निकलकर सड़क तक जा पहुंची. फिल्म अत्यंत सफल रही. दादा साहेब फाल्के को ग्रामीण इलाकों में यह फिल्म दिखाने के लिए अतिरिक्त प्रिंट बनवाने पड़े. इस फिल्म की रील 37 सौ फीट लंबी थी जो करीब 40 मिनट की थी.   इस फिल्म में दत्तात्रेय दामोदर ने राजा हरिश्चंद्र का किरदार निभाया था. तीन अन्य फिल्मों में काम करने के बाद वह निर्देशक एवं सिनेमेटोग्राफर बन गए थे. वर्ष 1924 में उन्होंने राजा हरिश्चंद्र का रीमेक भी बनाया.   राजा हरिश्चंद्र से अपना फिल्मी कॅरियर शुरू करने वाले दादा साहेब (1870-1944) ने मोहिनी भस्मासुर (1913), सत्यवान सावित्री (1914), लंका दहन (1917) और कालिया मर्दन (1919) जैसी फिल्में भी बनाईं. दादा साहेब फाल्के को सम्मान देने के लिए सरकार ने 1969 से दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देना शुरू किया. यह सिने जगत का सबसे बड़ा पुरस्कार है.   दादा साहेब महान चित्रकार राजा रवि वर्मा (1848-1906) से बेहद प्रभावित थे, वर्मा भी रामायण और महाभारत जैसी पौराणिक कथाओं के दृश्यों की चित्रकारी करते थे. वह दौर ऐसा था जब फिल्मों में काम करना सामाजिक दृष्टिकोण से बुरा माना जाता था. इसीलिए राजा हरिश्चंद्र फिल्म के सभी किरदार पुरुष थे. यहां तक कि महिला के किरदार भी पुरुषों ने ही निभाए थे.

 राजा हरिश्चंद्र भारतीय सिनेमा की पहली फ़िल्म है जो अवाक (मूक) थी। यह फ़िल्म भारतीय सिनेमा के जनक माने जाने वाले दादा साहेब फाल्के ने1913 में बनाई थी। ‘राजा हरिश्चंद्र’ के रिलीज़ होते ही चारों ओर धूम मच गई। भारत ने पूरी लम्बाई की पारम्परिक फ़िल्मों के जगत में कदम रख दिया था। धुंडीराज गोंविद फाल्के यानी दादा साहेब फाल्के इस फ़िल्म के निर्माता-निर्देशक थे और इस तरह वे भारतीय फ़िल्मों के पितामह बन गए। इस फ़िल्म ने खूब धूम मचाई और फाल्के को इसकी अतिरिक्त प्रिंट्स बनवाकर गांव-गांव में दिखाना पड़ा। कथानक  फ़िल्म का कथानक हिंदू पौराणिक ग्रंथों में वर्णित महान सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के जीवन पर आधारित था। कलाकार      दत्तत्रेय दामोदर दबके     सालुंके     भालाचंद्र डी. फ़ाल्के     जी.वी. सेन   प्रदर्शन तिथि  21 अप्रैल 1913 को ओलम्पिया थियेटर, मुम्बई में प्रीमियर हुआ और 13 मई, 1913 को फ़िल्म आम लोगों के लिए प्रदर्शित की गई।

आज हम भले ही फिल्मों को देखकर रोमांचित होते हैं, पर इसका यह सफर इतना आसान नहीं था। फिल्मों ने पूरी दुनिया में एक लम्बा सफर तय किया है और आज भी यह विभिन्न देशों में लोगों को अपनाें से जोड़ती हैं। इतिहास पर नजर दौड़ायें तो, विश्व में पहली फिल्म का प्रदर्शन 28 दिसंबर, 1895 को पेरिस के 'इंडिया कैफे' में किया गया था। यह फिल्म फ्रांस के ल्यूमियर ब्रदर्स की सात अति लघु फिल्मों का पैकेज थी जिनकी कुल अवधि दो मिनट 30 सेकेंड थी। भारत में बंबई के 'वाटसन होटल' में 7 जुलाई 1896 को ल्यूमियर बंधुओं के सहयोग से पहली बार फिल्म का प्रदर्शन किया गया तो 1898 में हीरालाल ने भारत की पहली लघु फिल्म 'फ्लॉवर ऑफ परसिया' बनाई। भारत में पहला ग्रामोफोन रिकॉर्ड 1902 में बनाया गया, उसमें पहली बार गौहर खान की तीन मिनट की रिकॉर्डिंग कोलकाता के एक होटल में की गई। भारत की पहली फीचर फिल्म 'राजा हरिश्चंद्र' थी। इसका पहला व्यावसायिक प्रदर्शन 3 मई, 1913 को बंबई के 'कोरोनेशन थिएटर' में किया गया।

'राजा हरिश्चंद्र' को मूक होने के बावजूद हिंदी फिल्म इसलिए माना जाता है कि इसमें कथा विकास को दर्शाने के लिए 'हिंदी शीर्षक' का प्रयोग किया गया था और साथ में अंग्रेजी अनुवाद भी किया गया था। 'राजा हरिश्चंद्र' की कुल अवधि 40 मिनट थी। 30,000 रूपये की लागत से बनी यह फिल्म 23 दिन चली थी। इस फिल्म के निर्माता दादा साहब फाल्के को भारतीय फिल्मों का पितामह कहा जाता है, उन्होंने भारत में सिनेमा का सूत्रपात किया था। भारत में 1913 में सिनेमा की शुरुआत से लेकर 1917 तक दादा साहब फाल्के ही एकमात्र निर्माता थे। हिंदी फिल्मों के पितामह धुंड़िराज गोविंद फाल्के (30 अप्रैल 1870-16 फरवरी 1944) यानी दादा साहेब फाल्के ने पहली हिंदी फिल्म का निर्माण यूँ ही नहीं कर लिया, बल्कि इसके लिए उन्हें काफी पापड़ भी बेलने पड़े। 30 अप्रैल 1870 को नासिक के पास त्रयम्बकेश्वर गाँव के ब्राह्मण परिवार में जन्मे फाल्के ने बचपन में घर पर ही पढ़ाई कर उत्तीर्ण होने पर बंबई के कला संस्थान जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स में प्रवेश लिया। वहांँ उन्होंने छात्रवृत्ति मिलने पर एक कैमरा भी खरीद लिया। फिर क्या था, कैमरे के साथ-साथ फाल्के साहेब का मन भी रोमांचित होने लगा और अन्तत: उस दौर के नायक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के विचारों से प्रभावित दादा फाल्के ने सरकारी नौकरी छोड़ दी। उसके बाद उन्होंने भागीदारी में प्रिंटिंग प्रेस का संचालन किया। दादा साहेब फाल्के के जीवन में क्रान्तिकारी परिवर्तन तब आया जब सन् 1911 में क्रिसमस में बंबई के एक तम्बू सिनेमा में उन्होंने ''लाइफ ऑफ क्राइस्ट'' नामक फिल्म देखी। वे फिल्म देखकर घर लौटे और सारी रात बेचैन रहे। दूसरे दिन अपनी पत्नी सरस्वती काकी के साथ वही फिल्म दोबारा देखी। लगातार अलग-अलग नजरिए से उन्होंने 10 दिन फिल्म देखकर मन में निश्चय किया कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर फिल्म बनाना चाहिए। उन्होंने यह बात अपनी पत्नी, रिश्तेदार तथा मित्रों को बताई। सबने फिल्म निर्माण की व्यावहारिक कठिनाइयांँ सामने रखीं। उभरकर सुझाव आया कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में विस्तार तथा उतार-चढ़ाव अधिक हैं इसलिए किसी सरल कथानक पर फिल्म बनाना चाहिए। अंत में राजा हरिश्चंद्र का कथानक सबको पसंद आया। दादा साहब के व्यापारी मित्र नाडकर्णी ने उन्हें बाजार दर पर रुपए उधार देने की पेशकश की। चूँकि उस जमाने में भारत में फिल्म निर्माण के विषय में नहीं के बराबर ही जानकारी थी इसलिये इंग्लैंड में रहकर उन्होंने फिल्म निर्माण की कला सीखी। 1 फरवरी 1912 को दादा साहब लंदन के लिए पानी के जहाज से रवाना हुए। वहांँ उनका कोई परिचित नहीं था। केवल 'बायस्कोप' पत्रिका के संपादक को इसलिए जानते थे कि उनकी पत्रिका नियमित मंगाकर पढ़ते थे। इसी रिश्ते को जोड़कर दादा फाल्के 'बायस्कोप' के संपादक कैबोर्ग से मिले। वह भले आदमी थे। वह उन्हें स्टूडियो तथा सिनेमा उपकरण एवं केमिकल्स की दुकानों पर ले गये और फिल्म निर्माण का सारा सामान खरीद दिया। अन्तत: 1 अप्रैल 1912 को दादा साहब फाल्के बंबई लौट आए और फिर आरंभ हुआ हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म के निर्माण का।
फिल्म निर्माण कला सीख कर वापस भारत आने पर दादा साहेब फाल्के ने 'राजा हरिश्चन्द्र' फिल्म बनाना शुरू किया। किन्तु उस जमाने में फिल्म बनाना आसान नहीं था क्योंकि लोग फिल्मों को अंग्रेजों का जादू-टोना समझते थे। फिल्म के लिये कलाकार मिलना मुश्किल होता था। किसी प्रकार से पुरुष कलाकार तो मिल जाते थे किन्तु महिला कलाकार मिल ही नहीं पाती थीं क्योंकि महिलाओं का नाटक, नौटंकी, फिल्मों आदि में काम करना वर्जित माना जाता था। दादा साहब फाल्के को भी इससे रूबरू होना पड़ा।
 दरअसल 1912 में पटकथा लेखन के बाद दादा साहब फाल्के को तमाम कलाकार तो मिल गए, मगर महारानी तारामती का रोल करने के लिए कोई महिला तैयार नहीं हुई। हारकर दादा वेश्याओं के बाजार में उनके कोठे पर गए और उनसे तारामती रोल के लिए निवेदन किया। वेश्याओं ने दादा को टका-सा जवाब दिया कि उनका पेशा, फिल्म में काम करने वाली बाई से यादा बेहतर है। फिल्म में काम करना घटिया बात है। दादा निराश तथा हताश होकर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे एक ढाबे में रुके और चाय का ऑर्डर दिया। जो वेटर चाय का गिलास लेकर आया, दादा ने देखा कि उसकी अंगुलियांँ बड़ी नाजुक हैं और चालढाल में थोड़ा जनानापन है। दादा ने उससे पूछा- यहांँ कितनी तनख्वाह मिलती है? उसने जवाब दिया कि 5 रुपए महीना। दादा ने फिर कहा कि यदि तुम्हें 5 रुपए रोजाना मिले तो काम करोगे? उत्सुकता से वेटर ने तेजी से पूछा- क्या काम करना होगा? दादा ने सारी बात समझाई। इस तरह भारत की पहली फिल्म 'राजा हरिश्चंद्र' की नायिका की खोज पूरी हुई, जो कोई महिला न होकर एक पुरुष थी और उसका नाम था  अन्ना सालुंके। आज यह सोचना भी अटपटा लगता है कि सर्वप्रथम नायिका का रोल एक पुरुष वेटर ने किया था। चूंकि उस समय कोई महिला फिल्म में नायिका बनने को तैयार नहीं हुई इसलिए एक पुरुष को महिला की वेशभूषा में नायिका के रूप में प्रस्तुत किया गया। नायिका की खोज पूरी होने के बाद सन् 1912 की बरसात के बाद बंबई के दादर इलाके में राजा हरिश्चन्द्र की शूटिंग आरंभ हुई। राजा हरिश्चन्द्र की भूमिका निभाई दत्तात्रेय दामोदर दाबके ने और अन्य प्रमुख कलाकार थे- भालचंद्र फाल्के, साने, तेलांग, शिंदे और औंधकर इत्यादि। सूरज की रोशनी में शूटिंग होती, शाम को पूरी यूनिट का खाना बनता और रात को किचन को डार्करूम में बदल दिया जाता। दादा और उनकी पत्नी सरस्वती देवी मिलकर फिल्म की डेवलपिंग-प्रिंटिंग का काम करते। ''राजा हरिश्चन्द्र'' के निर्माण के दौरान दादा साहेब फाल्के के समक्ष अनेक बाधाएँ आईं किन्तु उन्होंने अडिग रहकर अपनी फिल्म बनाने में सफलता प्राप्त कर ही लिया और 21 अप्रैल 1913 को बंबई के ओलिम्पिया सिनेमा में राजा हरिश्चंद्र का प्रथम प्रदर्शन मेहमानों के लिए किया गया। लोगों की सराहना के बाद अंतत: यह फिल्म 3 मई 1913 को प्रदर्शित हो गई। राजा हरिश्चन्द्र लगातार 13 दिन चली, जो उस समय का रिकॉर्ड था। प्रदर्शित होने पर 'राजा हरिश्चन्द्र' ने इतनी अधिक लोकप्रियता प्राप्त की कि मुंबई (उन दिनों बंबई) के गिरगाँव स्थित कोरोनेशन सिनेमा के सामने सड़कों पर लोगों की विशाल भीड़ इकट्ठी हो जाया करती थी। यह फिल्म उस जमाने में जनता के मनोरंजन का केन्द्र बिंदु बनी। परदे पर चलती फिरती आकृतियों को देखकर दर्शक भौंचक थे। इस फिल्म की इतनी अधिक मांग बढ़ी कि ग्रामीण क्षेत्रों में इसके प्रदर्शन के लिये दादा साहेब फाल्के को फिल्म के और भी कई प्रिंट बनाने पड़े। फिल्म ने जबरदस्त सफलता प्राप्त की और दादा साहेब फाल्के एक फिल्म निर्माता के रूप में स्थापित हो गये और भारतीय फिल्म उद्योग के लिये एक रास्ता खुल गया। फिल्मों का यह सफर यहीं नहीं रुका। 'राजा हरिश्चन्द्र' की सफलता के बाद दादा साहेब फाल्के ने नासिक में 1913 में कथा फिल्म 'भस्मासुर मोहिनी' का निर्माण किया। इस फिल्म के लिए रंगमंच पर काम करने वाली अभिनेत्री कमलाबाई गोखले दादा साहब को मिल गईं। कमलाबाई को हिन्दी फिल्मों की प्रथम महिला नायिका माना जाता है। उस दौर में दादा साहेब फाल्के अपनी फिल्मों के निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक और डे्रस डिजायनर सब होते थे। उन्होंने कुल 95 फिल्में और 26 लघु फिल्में बनाई थीं। इनमें से भस्मासुर मोहिनी (1913),लंका दहन (1917), कालिया मर्दन (1919) प्रमुख थीं। 1934 में दादा साहब फाल्के ने कोल्हापुर सिनेटोन के लिए 'गंगातरण' नामक सवाक् फिल्म बनाई। यह उनकी पहली और अंतिम सवाक् फिल्म थी। 1935 में भारत में मूक फिल्मों का निर्माण पूरी तरह बंद हो गया। सवाक् फिल्मों के बाद बोलती फिल्मों का दौर आरंभ हुआ। आर्देशिर एम ईरानी की फिल्म 'आलम आरा' में भारत में सबसे पहले ध्वनि का संयोजन किया गया। इस फिल्म का प्रदर्शन 14 मार्च, 1931 को 'मैजेस्टिक सिनेमा', बंबई में किया गया। भारत की पहली प्रोसेस्ड रंगीन फिल्म 'किसान कन्या' (1937) के निर्माण का श्रेय भी आर्देशिर ईरानी को जाता है। आर्देशिर एम. ईरानी की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए ब्रिटिश सरकार ने उन्हें 'खान बहादुर' की उपाधि से नवाजा। भारतीय फिल्म उद्योग ने 22 सितंबर, 1956 को आर्देशिर ईरानी को 'भारतीय सवाक् फिल्मों के पिता' का सम्मान दिया। आज भारत में फिल्मों में कितना भी परिवर्तन हो गया हो, नयी टेक्नालाजी आ गयी हो, पर दादा साहब फाल्के का नाम उनमें सबसे ऊपर है। उनके दौर को समझने के लिए वर्ष 2008 में 'राजा हरिश्चन्द्र' के निर्माण की प्रक्रिया पर मराठी फिल्मकार परेश मोकाशी और श्रीरंग गोडबोले ने 'हरिशचंद्राची फैक्ट्री' का निर्माण किया। फिलहाल भारत में बनी पहली मूक फिल्म 'राजा हरिश्चन्द्र' अब डीवीडी फॉरमैट में भी उपलब्ध है। पुणे स्थित भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार (एनएफएआई)  ने इस फिल्म को डीवीडी फॉरमैट में प्रस्तुत किया है। भारत सरकार ने दादा साहब फाल्के की स्मृति में 30 अप्रैल, 1971 को एक डाक टिकट जारी किया और आज भारत सरकार द्वारा फिल्म निर्माण में क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदानकर्ता को 'दादा साहब फाल्के' सम्मान द्वारा नवाजा जाता है जो कि इस क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान है। हिंदी फिल्मों की शताब्दी पर दादा साहेब फाल्के के साथ उन सभी का पुनीत स्मरण, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को देश और भाषा की सीमा से परे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक पहचान दिलाई।

शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2014

नन्हों

 

चिट्ठी-डाकिए ने दरवाज़े पर दस्तक दी तो नन्हों सहुआइन ने दाल की बटली पर यों कलछी मारी जैसे सारा कसूर बटुली का ही है। हल्दी से रँगे हाथ में कलछी पकड़े वे रसोई से बाहर आई और ग़ुस्से के मारे जली-भुनी, दो का एक डग मारती ड्योढ़ी के पास पहुँची।

“कौन है रे!” सहुआइन ने एक हाथ में कलछी पकड़े दूसरे से साँकल उतार कर दरवाज़े से झाँका तो डाकिए को देखकर धक् से पीछे हटी और पल्लू से हल्दी का दाग़ बचाते, एक हाथ का घूँघट खींचकर दरवाज़े की आड़ में छिपकली की तरह सिमट गई।

 

“अपने की चिट्ठी कहाँ से आएगी मुंशीजी, पता-ठिकाना ठीक से उचार लो, भूल-चूक होय गई होयगी”, वे धीरे से फुसफुसाई। पहले तो केवल उनकी कनगुरिया दिख रही थी जो आशंका और घबराहट के कारण छिपकली की पूँछ की तरह ऐंठ रही थी।

“नहीं जी, कलकत्ते से किसी रामसुभग साहु ने भेजी है, पता-ठिकाना में कोई ग़लती नहीं...”

 

“रामसु...” अधकही बात को एक घूँट में पीकर सहुआइन यों देखने लगी जैसे पानी का धक्का लग गया हो। केनगुरिया का सिरा पल्ले में निश्चेष्ट कील की तरह अड़ गया था— “अपने की ही है मुंशीजी...”

मुंशीजी ने चिट्ठी आगे बढ़ाई, कनगुरिया फिर हिली, पतंगे की तरह फड़फड़ाती चिट्ठी को पंजे में दबोचकर नन्हों सहुआइन पीछे हटी और दरवाज़े को झटके से भेड़ लिया। आँगन के कोने में पानी रखने के चबूतरे के पास खड़ी होकर उन्होंने चिट्ठी को पढ़ा। रामसुभग आ रहा है, लिखा था चिट्ठी में। केवल तीन सत्र की इबारत थी पूरी। पर नन्हों के लिए उसके एक-एक अक्षर को उचारने मे पहाड़-सा समय लग गया जैसे। चबूतरे के पास कलसी के नीचे, पानी गिरने से ज़मीन नम हो गई थी, जौ के बीज गिरे थे जाने कब, इकट्ठे एक में सटे हुए उजले-हरे अँखुए फूटे थे। नन्हों सहुआइन एकटक उन्हें देखती रहीं बड़ी देर तक।

 

पाँच साल का समय कुछ कम तो नहीं होता। लंबे-लंबे पाँच साल! पूरे पाँच साल के बाद आज रामसुभग को भौजी की याद आई है। पाँच साल में उसने एक बार भी कुशल-मंगल का हाल नहीं दिया। एक बार भी नहीं पूछा कि भौजी जीती है या मर गई। जब अपना ही नहीं रहा हाल-चाल लेने वाला, तो दूसरा कौन पूछता है किसे? नन्हों सहुआइन ने चारपाई के पास से माची खीची और उस पर बैठ गई। हल्दी-सनी अंगुलियों के निशान ‘कार्ड’ पर उभर आए थे— जैसे वह किसी के शादी-ब्याह का न्यौता था। शादी-ब्याह का ख्य़ाल आते ही नन्हों सहुआइन की आँखें चलवे मछली-सी चिलक उठी। जाने कितनी बार सोचा है उन्होंने अपनी शादी के बारे में। कई बार सोचा, इस दु:ख दाई बात को फिर कभी न सोचूँगी। जो भाग में न था उस पर पछतावा क्या? पर वह औरत क्या जो अपनी शादी पर न सोचे और एक ऐसी औरत जिसकी शादी उसकी ज़िंदगी का दस्तावेज़ बनकर आई हो, ज़िंदगी सिर्फ़ उसकी गिरो ही नहीं बनी उसने तो नन्हों के समूचे जीवन को रेतभरी परती की तरह वीरान कर दिया।

गाँव की सभी औरतों की तरह नन्हों का भी ब्याह हुआ। उसकी भी शादी में वही हुआ जो सभी शादियों में होता है। बाजा-गाजा, हल्दी-सिंदूर, मौज-उत्सव, हँसी-रुला सब कुछ वही।

 

एक बात में ज़रूर अंतर था कि नन्हों की शादी उसके मायके में नहीं, ससुराल में हुई। इस तरह की शादियाँ भी कोई नई नहीं हैं। जो ज़िंदगी के इस महत्त्वपूर्ण मौक़े को भी उत्साह और इच्छा के बावजूद रंगीनियों से बाँधने के उपकरण नहीं जुटा पाते वे बारात चढ़ाकर नहीं, डोला उतारकर शादी करते है। इसलिए नन्हों की शादी भी डोला उतारकर ही हुई तो इसमें भी कोई ख़ास बात तो नहीं हो गई। नन्हों का पति मिसरीलाल एक पैर का लँगड़ा था, पैदाइशी लँगड़ा। उसका दायाँ पैर जवानी में भी बच्चों की बाँह की तरह ही मुलायम और पतला था। डंडा टेककर फुदकता हुआ चलता। नाक-नक्श से कोई बुरा नहीं था, वैसे काला चेहरा उभरी हुई हड्डियों की वजह से बहुत वीरान लगता। घर में किराने की दुकान होती, जिसमें खाने-पीने के ज़रूरी सामानों के अलावा तंबाकू, बीड़ी-माचिस और ज़रूरत की कुछ सब्ज़ियाँ भी बिकती। अक्सर सब्ज़ियाँ बासी पड़ी रहतीं, क्योंकि अनाज से बराबर के भाव ख़रीदने वाले अच्छे गृहस्थ भी मेहमान के आने पर ही इस तरह का सौदा किया करते।

मिसरीलाल की शादी पक्की हुई तो नन्हों का बाप बड़ा ख़ुश था, क्योंकि मिसरीलाल के नाम पर जो लड़का दिखाया गया वह शक्ल में अच्छा और चाल-चलन में काफ़ी शौक़ीन था। लंबे-लंबे उल्टे फेरे हुए बाल थे, रंग वैसे साँवला था, पर एक चिकनाई थी जो देखने में ख़ूबसूरत लगती थी। इसीलिए लड़के वालों ने जब ज़ोर दिया कि हमें बारात चढ़ाके शादी सहती नहीं; डोला उतारेंगे, तो थोड़ी मीन-मेख के बाद नन्हों का बाप भी तैयार हो गया, क्योंकि इसमें उसका भी कम फ़ायदा न था। ख़र्चे की काफ़ी बचत थी।

 

डोला आया, उसी दिन हल्दी-तेल की सारी रस्में बतौर टोटके के पूरी हो गईं और उसी रात को बाजे-गाजे के बीच नन्हों की शादी मिसरीलाल से हो गई। बाजों की आवाज़ें हमेशा जैसी ही ख़ुशी से भरी थी, मंडप की मंडियों और चँदोवे में हवा की ख़ुशीभरी हरकतें भी पूर्ववत् थी, भाटिनों के मंगल-गीत में राम और सीता के ब्याह की वही पवित्रता गूँज रही थी, पर नन्हों अपने हाथ भर के घूँघट के नीचे आँसुओं को सुखाने की कितनी कोशिश कर रही थी, इसे किसी ने न देखा। एक भारी बदसूरत पत्थर को गले में बाँधे वह वेदना और पीड़ा के अछोर समुद्र में उतार दी गई जहाँ से उसकी सिसकियों की आवाज़ भी शायद ही सुनाई पड़ती।

“कहो भौजी, बाबा ने देखा तो मुझको, पर शादी हुई मिसरी भैया की।” रामसुभग ने दूसरे दिन काने में बैठी नन्हों से मुसकराते हुए कहा, “अपना-अपना भाग है, ऐसी चाँद-सी बहू पाने की क़िस्मत मेरी कहाँ है?” भौजी मज़ाक के लिए बनी है, पर ऐसे मज़ाक का भी क्या जवाब? नन्हों की आँखों से झर-झर आँसू गिरने लगे जिन्हें वह पूरे चौबीस घंटे से लगातार रोके हुए थी। रामसुभग बिलकुल घबरा गया, उसने दुःखी करने के लिए ही चोट की थी, पर घायल सदा पंख समेटे शिकारी के चरणों में ही तो नहीं गिरता, कभी-कभी ख़ून की बूँदें भर गिरती हैं। और पंछी तीर को सीने में समाए ही उड़ता जाता है।

 

“ठीक कहा लाला तुमने, अपना-अपना भाग ही तो है...” नन्हों ने कहा और चुपचाप पलकों से आँसुओ की चट्टानों को ठेलती रही।

रामसुभग मिसरीलाल का ममेरा भाई है। अक्सर वह यही रहता, एक तो इसलिए कि उसे अपना घर पसंद न था। बाप सख्त़ी से काम कराता, और आना-कानी की तो बूढ़े बाप के साथ दूसरे भाइयों का मिला-जुला क्रोध उसके लिए बहुत भारी पड़ता। दूसरे, मिसरीलाल का भी इरादा था कि वह अक्सर यहाँ आता-जाता रहे ताकि उसे दुकान के लिए सामान वग़ैरह ख़रीदवाने में आसानी पड़े। रामसुभग के लिए मिसरीलाल का घर अपना जैसा ही था। उसने मिसरीलाल की शादी की बात सुनी तो बड़ा ख़ुश हुआ था कि घर में एक औरत आ जाएगी, थोड़ी चहल रहेगी और मुरव्वत में अक्सर जो उसे चूल्हा फेंकने का काम भी कर देना पड़ता, उससे फ़ुर्सत मिल जाएगी। पर नन्हों को देखकर रामसुभग को लगा कि कुछ ऐसा हो गया है जैसा कभी सोचा न था। नन्हों वह नहीं है जिसे मिसरीलाल की औरत के रूप में देखकर उसे कुछ अड़चन न मालूम हो। वह काफ़ी विश्वास के साथ आया था नन्हों से बात करने, उसे जता देने कि रामसुभग भी कुछ कम नहीं है, मिसरीलाल का बड़ा आदर मिलता है उसे, यह घर जैसे उसी के सहारे टिका है और भौजी के लिए रामसुभग-सा देवर भी कहाँ मिलेगा, और शादी के पहले तो नन्हों के बाप ने भी उसे ही देखा था ...पर जाने क्या है नन्हों की उस झुकी हुई आँखों में कि रामसुभग सब भूल गया। चारपाई के नीचे बिछी रंगीन सुहागी चटाई पर पैरों को हाथ में लपेटे नन्हों बैठी थी गुड़ीमुड़ी, उसकी लंबी बरौनियाँ बारिश में भीगी तितली के पैरों की तरह नम और बिखरी थीं और वह एकटक कहीं देख रही थी, शायद मन के भीतर किसी बालियों से लदी फ़सल से ढके लहराते हुए एक खेत को, जिसमें किसी ने अभी-अभी जलती हुई लुकाठी फेंक दी है।

 

रामसुभग बड़ी देर तक वैसे ही चुप बैठा रहा। वह कभी आँगन में देखता था कभी मुँडेरे पर। वह चाहता था कि इस चुप्पी को नन्हों ही तोड़े, वही कुछ कहे, अपने मन से ही जो कहना ठीक समझे, क्योंकि उसके कहने में शायद बात कुछ ठीक बने, न बने, पर नन्हों तो कुछ बोलती ही नहीं।

ब्याह के दूसरे दिन के रसम-रिवाज़ पूरे हो रहे थे, कमारी डाले मे अक्षत-सिंदूर लेकर गाँव की तमाम सत्तियों के चौरे पूज आई थी, और सबसे मिसरीलाल की मृत माँ की ओर से वर-वधु के लिए आशीर्वाद माँग आई थी। रात-भर गाने से थकी हुई भाटिनें अपने मोटे और भोंड़े स्वरों में अब भी राम और सीता की जोड़ी की असीसें गा रही थी। कुछ बचे-खुचे लोग एक तरफ़ बैठे खा रहे थे, पुरवे-पत्तल इधर-उधर बिखरे पड़े थे।

 

“अच्छा भौजी...” रामसुभग इस मौन को और न झेल सका। चुपचाप उठकर आँगन में चला आया।

“क्या बबुआ, भौजी पसंद आई?” एक मनचली भाटिन ने मोटी आवाज़ में पूछा।

 

“हाँ, हाँ, बहुत...” रामसुभग इस प्रश्न की चुभन को भाँप गया था। उसने मुस्कराने की कोशिश की, पर गर्दन ऊपर न उठ सकी। वह चुपचाप सिर झुकाए दालान में जाकर मिसरीलाल के पास चारपाई पर बैठ गया। उस समय मिसरीलाल दो-एक नाते-रिश्ते के लोगों से बातें कर रहा था। पीले रंग की धोती उसके काले शरीर पर काफ़ी फब रही थी, पर उसके चेहरे की वीरानी में कोई अंतर न था, ख़ुशी उसके चेहरे पर ऐसी लग रही थी जैसे किसी ने ज़ंग लगी पिचकी डिबिया में कपूर रख दिया हो। उसके दाहिने हाथ का कंगन एक मरे हुए मकड़े की तरह झूल रहा था...जाने क्यों आज रामसुभग को मिसरीलाल बहुत बदसूरत लग रहा था, शादी के कपड़ों में कोई ऐसा भद्दा लगता है, यह रामसुभग ने पहली बार देखा।

“सुभग”, मिसरीलाल ने बातचीत से निपटकर दालान में एकांत देखकर पूछा, “क्यों रे भौजी कैसी लगी— सच कहना, अपनों से क्या दुराव—गया था न, कुछ कह रही थी?

 

“नहीं तो” रामसुभग ने कहा, “काफ़ी हँसमुख है, वैसे मायका छूटने पर तो सभी दुलहिने थोड़ी उदास रहती हैं। मिसरीलाल अजीब तरीके से हँसा, “अरे वाह रे सुम्भू, तू तो भई दुलहिने पहचानने में बेजोड़ निकला। उदास क्यों लगती है भला वह? किसी परिवार वाले घर में जाती, सास-जिठानियों की धौंस से कलेजा फट जाता, दिन-रात काँव-काँव, यहाँ तो बस दो परानी है, राज करना है, है कि नहीं?”

“हूँ”, रामसुभग गर्दन झुकाए चारपाई के नीचे देख रहा था, उसने वैसे ही हामी भर दी जैसे उसने पूरी बात सुनी ही न हो।

 

“मीसरी साह!” दरवाज़े से कमारी ने पुकारा, “बाबाजी बुला रहे हैं चौके पर कंगन छूटने की साइत बीत रही है।” मिसरीलाल धीरे-से उठे और फुदकते हुए चौके पर जा बैठे। लाल चुनर में लपेटे, गुड़िया की तरह उठाकर नन्हों को कमारी ले आई और उसने मिसरीलाल की बग़ल में बिठा दिया।

मिसरीलाल की शादी हुए एक सतवारा बीत चुका था। इस बीच जाने कितनी बार रामसुभग नन्हों के पास बैठा। नन्हों के पास बैठने में उसे बड़ी घुटन महसूस होती, उसे हर बार लगता कि वह ग़लती में आ गया, उसका मन हर बार एक अजीब क़िस्म की उदासी से भर जाता। वह सोचता कि अब उसके पास नहीं जाऊँगा, जो होना था सो हो गया, पर उसका जी नहीं मानता। नन्हों ने इस बीच मुश्किल से उससे दो-चार बातें की होंगी। कभी शायद ही उसकी ओर देखा होगा, पर पता नहीं उन झुकी हुई बरौनियों से घिरी आँखों में कैसा भाव है कि रामसुभग खिंचा चला आता है। वे आँखें उसे कभी नहीं देखतीं, कहीं और देखतीं हैं, पर उनका इस तरह देखना रामसुभग के मन में आँधी की तरह घुमड़ उठता है। वह बार-बार सोचता कि शायद नन्हों के बाप के सामने वह दूल्हा बनकर न खड़ा होता तो नन्हों आज यहाँ न होती। झुकी हुई पलकों से घिरी इन आँखों की पीड़ा उसी की पैदा की हुई है। वही दोषी है, वही अपराधी है! रामसुभग इसीलिए नन्हों के पास जाने को विकल हो उठता है पर पास पहुँचने पर यह विकलता कम नहीं होती। उसकी माँ ने बहू को “मुँह दिखाई” देने के लिए दो रुपए न्योता के साथ भेजे थे, पर नन्हों को देखकर उसकी हिम्मत न होती कि वे रुपए माँ की ओर से उसे दे दे। वह बाज़ार से सिल्क का एक रूमाल भी ख़रीद लाया। रुपए उसी में बाँध लिए। पर रूमाल हमेशा उसकी जेब में पड़ा रहा, वह उसे नन्हों को दे न सका।

 

“क्यों लाला, इतने उदास क्यों हो?” एक दिन पूछा था नन्हों ने, “यहाँ मन नहीं लगता, भाई-भौजाइयों की याद आती होगी.”

“नहीं तो, उदास कहाँ हूँ, तुम जो हो,” रामसुभग ने मुसकराते हुए कहा।

 

“मैं...हाँ, मैं तो हूँ ही, पर लाला, मैं तो दुःख की साझीदार हूँ, सुख कहाँ है अपने पास जो दूसरों को दूँ? उदासी में पली, उदासी में ही बढ़ी। जन्मी तो माँ मर गई, बड़ी हुई तो बाप का बोझ बनी। मैं भला दूसरे की उदासी क्या दूर कर सकूँगी...”

“देखो भौजी...” रामसुभग ने पूरी साझेदारी से कहा— “जो होना था वह हो गया...दिन-रात घुलते रहने से क्या फ़ायदा...कुछ ख़ुश रहा करो”...थोड़ा हँसा करो...”

 

नन्हों मुसस्कराने लगी— “अच्छा लाला, तुम कहते हो तो ख़ुश रहा करूँगी, हसूँगी, पर बुरा न मानना, बेबान के काम में थोड़ी देर लगती ही है।”

उस दिन रामसुभग बड़ा प्रसन्न था। सिर का भारी बोझ हट गया। जैसे किसी ने क़लक़ते हुए काँटे को खींचकर निकाल दिया। नन्हों का मुस्कराना भी ग़ज़ब है, वह सोच रहा था। उदास रहेगी तब भी, मुस्कराएगी तब भी, हर हालत में जाने क्या है उसके चेहरे में जो रामसुभग का मन उचाट देता है। गाँव में घूमता रहे, बाज़ार से सौदा लाता रहे, लोगों के बीच में बैठकर गप्पें हाँकता रहे...नन्हों के चेहरे की सुध आते ही एकरस सूत झटके से टूट जाता, सोई सतह में लहरें वृत्ताकार घूमने लगतीं। सन्नाटे में जैसे मंदिर के घंटे की अनुगूँज झनझना उठती...।

 

चैती हवा में गर्मी बढ़ गई थी। उसमें केवल नीम की सुवासित मंजरियों की गंध ही नहीं, एक नई हरकत भी आ गई थी। उसकी लपेट में सूखी पत्तियाँ, सूखे फूल, पकी फसलों की टूटी बालियाँ तक उड़कर आँगन में बिखर जातीं। दोपहर में खाना खाकर मिसरीलाल दालान में सो जाता, और रामसुभग बाज़ार गया होता या कहीं घूमने...। नन्हों घर में अकेली बैठी सूखे पत्तों का फड़फड़ाना देखती रहती। उसके आँगन के पास भी खंडहर में नीम का पेड़ था। ऐसे दिनों में जब नीम हरी निबौरियों से लद जाता, वह ढेर-सी निबौरियाँ तोड़कर घर ले आती और उन्हें तोड़-तोड़कर ताजे दूध-से गालों पर तरह-तरह की तस्वीरें बनाती...शीशे में ठीक ऐपन की पुतरी मालूम होती। रामलीला में देखा था, राम और सीता बनने वाले लड़कों के गालों पर ऐसी ही तस्वीरें बनती थी।

हवा का एक तेज़ झोंका आया, किवाड़ झटके से खड़खड़ाया, देखा, सामने रामसुभग खड़ा था मुस्कराता हुआ।

 

“भौजी” वह पास की चारपाई पर बैठ गया— “एक गिलास पानी पिला दो। बड़ी प्यास लगी है।”

“कहाँ गए थे इतनी धूप में?” नन्हों उठी और आँगन के कोने में चबूतरे पर रखी गगरी में पानी ढालकर ले आई।

 

जाने क्या हो गया था उस दिन रामसुभग को कि उसने गिलास के साथ ही नन्हों की बाँह को दोनों हाथों से पकड़ लिया। एक झटके के साथ बाँह काँपी और साँप की तरह ऐंठकर सुभग के हाथों से छूट गई। गिलास धब्ब की आवाज़ के साथ ज़मीन पर गिर पड़ा।

“सरम नहीं आती तुम्हें...” नन्हों साँपिन की तरह फुफकारती हुई बोली— “बड़े मर्द थे तो सबके सामने बाँह पकड़ी होती। तब तो स्वाँग किया था, दूसरे के एवज़ तने थे, सूरत दिखाकर ठगहारी की थी! अब दूसरे की बहू का हाथ पकड़ते सरम नहीं आती।”

 

“मैं...तो भौजी तुम्हें यह देने आया था...।” रामसुभग ने रुमाल निकाला जिसकी खूँट में दो रुपए बँधे थे।

“क्या है यह?”– नन्हों ने ग़ुस्से में ही पूछा।

 

“मुँह दिखाई के रुपए हैं। कई बार सोचा देने को, पर दे न सका।”

उसने रूमाल वही चारपाई पर रख दिया और लड़खड़ाता हुआ बाहर चला गया। सारा आँगन झूले की तरह डोल रहा था। गाँव की गलियाँ, दरवाज़े जैसे उसकी ओर घूर रहे थे। उसी दिन वह अपने गाँव चला गया है।

 

दो महीने बीत गए, रामसुभग का कोई समाचार न मिला। मिसरीलाल कभी उसकी चर्चा भी करता, तो नन्हों को चुप देख, एक-दो बातें चलाकर मौन हो जाता। दुकान के लिए सारी चीज़ें रामसुभग ही ख़रीदकर लाता था। उसके न होने से मिसरीलाल को बहुत तकलीफ़ होती। किसी लद्दू, टट्टू या बैल वाले से सामान तो मँगवा लेता पर चीज़ें मन-माफ़िक नहीं मिलतीं और उनके साथ बाज़ार जाकर चीज़ें ख़रीदने में उसे काफ़ी दिक्क़त भी होती। दोपहर के वक़्त, जबकि सूरज सिर पर तपता होता, लू में डंडे के सहारे टेकता, पसीने से लथपथ किसी तरह वह घर पर पहुँचता। इस तरह की आवाजाही में एक दिन उसे लू लग गई और वह बिस्तर पर गिर पड़ा। नन्हों ने आम के पत्ते पिलाए। हाथों और पैरों में भुने आम की लुगदी भी लगाई, पर ताप कम न हुआ। पीड़ा के मारे वह छटपटाता रहा। नन्हों घर से निकलती न थी, किसी से मदद माँगना भी मुश्किल था। उसने कमारी को बुलाकर रामसुभग के गाँव भेजा। कहलाया कि कुछ सोचने-विचारने की ज़रूरत नहीं है, ख़बर मिलते ही जल्दी-से-जल्दी चले आवें। तीन-चार घड़ी रात गए रामसुभग मिसरीलाल के दरवाज़े पर पहुँचा तो वहाँ काफ़ी भीड़ थी। भीतर औरतो के रोने की चीत्कार गूंज रही थी। बाहर मिसरीलाल का शव रखा था। नन्हों विधवा हो चुकी थी।

रामसुभग मिसरीलाल के क्रिया-कर्म में लगा रहा, नन्हों से कुछ कहने की उसे फ़ुर्सत ही न मिली। कभी सामने नन्हों दिख भी गई तो उसमें इतना साहस न हुआ कि सांत्वना के दो शब्द भी कह सके। काँच की चूड़ियाँ भी क़िस्मत का अजीब खेल खेला करती हैं। नन्हों जब इन्हें पहनना नहीं चाहती थी तब तो ये ज़बर्दस्ती उसके हाथों में पहनाई गईं और अब जब वह इन्हें उतारना नहीं चाहती तो लोगों ने ज़बर्दस्ती हाथों से उतरवा दिया। कार-परोजन के घर में इतनी फ़ुर्सत ही कहाँ थी कि नन्हों बैठ जाती। परंतु कभ-कभी दोपहर में दो-एक घड़ी की फ़ुर्सत मिलती तो वह अपनी उसी सुहागी चटाई पर बैठी हुई चुपचाप आँगन में देखा करती। रामसुभग उसके इस देखने के ढंग से इतना परेशान हो जाता कि काम-काज के बीच में भी नन्हों की वे तिरती आँखें उसके हृदय को बेधने लगतीं। आँगन में इधर-उधर आने-जाने में वह घबराता। कहीं नन्हों पर नज़र न पड़ जाए, इसीलिए गाँव के दूसरे लोगों को काम सौंपकर वह बाहर के कामों में सुबह से शाम तक जुता रहता। किरिया-करम बीत जाने पर वह घर में कम ही बैठ पाता। अक्सर सौदा-सामान ख़रीदने बाज़ार निकल जाता था ख़ाली रहा तो गाँव में किसी के दरवाज़े पर बैठा दिन गुज़ार देता।

 

कई महीने बीत गए। बरसात आई और गई। पानी सूख गया। बादलों का घिरना बंद हो गया। बौछारों से टूटी-जर्जर दीवारों के घाव भर गए। नई मिट्टी से सज-सँवरकर वे पहले जैसी ही प्रसन्न मालूम होतीं। ऐसा लगता जैसे इन पर कभी बौछार की चोट पड़ी ही न हो, कभी इनके तन पर ठेस लगी ही न हो।

उस दिन चमटोली में गादी लगी थी। कातिक की पूनों को हमेशा यह गादी लगती। बीच चौकी पर सतगुरु की तस्वीर फूल-मालाओं मे सजाकर रखी हुई थी। अगरबत्तियों के धुँए से चमरौटी की गंदी हवा भी ख़ुशबूदार हो गई थी। कीर्तन-मंडली बैठी हुई थी। गाँव की औरतें, बूढ़े-बच्चे इकट्ठे होकर भजन सुन रहे थे:

 

जो तुम बाँधे मोह फाँस हम प्रेम बंधन तुम बाँधे;

अपने छूटन की जतन करहु हम छूटे तुम आराधे ।

 

जो तुम गिरिवर तउ हम मोरा;

जो तुम चन्दा हम भए हैं चकोरा।

 

माधव तुम तोरहु तो हम नहिं तोरहि;

तुम सों तोर कवन सों ज़ोरहिं।

 

काफ़ी देर तक कीर्तन चलता रहा। नन्हों लौटी तो उसके मन में रैदास के गीत की पंक्तियाँ बार-बार गूँजती रहीं। “जो तुम तोरहु तो हम नहिं तोरहिं...” वह धीरे-धीरे गुनगुना रही थी। दालान का दरवाज़ा रामसुभग ने बंद कर रखा था। साँकल खटखटाई तो उसने आकर दरवाज़ा खोला।

“इतनी रात को इस तरह तुम्हारा गली—गली घूमना ठीक नहीं है भौजी...” जाने कहाँ का साहस आ गया था उसे। रामसुभग दरवाज़ा बंद करते हुए बोला।

 

“हूँ” नन्हों ने और कुछ न कहा।

“मैं तुम्हीं से कह रहा हूँ...”

 

नन्हों एक झटके के साथ घूमी। रामसुभग के चेहरे पर उसकी आँखें इस तरह टिकी थी मानो बेधकर भीतर घुस जाएँगी, “इतनी क़लक़ होती है तो पहले ही ब्याह कर लिया होता। इस तरह डाँट रहे हो लाला, जैसे मैं तुम्हारी जोरू हूँ। ख़बरदार, फिर कभी आँख दिखाई तो...!” रामसुभग माथा पकड़कर बैठ गया। ग़ुस्से और ग्लानि के मारे उसका सारा बदन जल रहा था, पर मुँह से एक शब्द भी न निकला। उसने चादर खींचकर मुँह ढक लिया और भीतर-ही-भीतर उफनता-उबलता रहा।

और तब से पाँच बरस बीत गए। आज पहली बार रामसुभग की चिट्ठी आई है कि वह कलकत्ते से गाँव आ रहा हैं। ये पाँच बरस जाने नन्हों ने कैसे बिताए हैं। रामसुभग उसी रात को लापता हो गया। रोते-रोते नन्हों की आँखें सूज गईं। मेरा कोई न होगा, मैं अकेली रहने के लिए ही जन्मी हूँ। वह अपने को धिक्कारती, कलपती। कभी मन पूछता— पर इसमें मेरी क्या ग़लती थी, मैं तो गादी देखने-भर चली गई थी, कौन नहीं गई थी वहाँ, मैंने क्या कर दिया था ऐसा। हाँ, ग़लती ज़रूर थी। मैं विधवा हूँ, उत्सव-तमाशा मेरे लिए नहीं है।

 

“बबुआ नहीं हैं क्या?” दूसरे दिन शाम को कमारी ने पूछा था, “देखो दुलहिन, मेरी बात मानो, सुभग से ब्याह कर लो, तुम्हारी जात मे यह मना भी नहीं है, कब तक ऐसे रहोगी...”

“चुप रह...” नन्हों ने उसे बरज दिया था। दूसरे ही क्षण वह शरम से गड़ गई थी। जाने क्यों लोग मन के छुपे राज़ को भाँप लेते हैं। जिसे जितना छिपाओ, उसे उतनी ही जल्दी लोग खींचकर सामने कर देते हैं।

 

“चुप तो रहूँगी दुलहिन, पर पछताओगी, ऐसा दूल्हा हाथ न आएगा। वह ज़िंदगी-भर तुम्हारे लिए कुँवारा नहीं बैठा रहेगा, ऐसा मौक़ा हमेशा नहीं आता...तुम्हारे बाबूजी ने तो उसी को देखा था, मिसरीलाल से तो ब्याह धोखे से हुआ...।”

“मैं कहती हूँ चुप कर...” नन्हों की आँखें डबडबा आई— “मेरी जिनगानी में धोखा ही लिखा है, तो उसे कौन मेट सकता है।”

 

कमारी सकपकाकर चुप हो गई। आँसूओं की धार सँभालना उसके वश के बाहर था। वह चुपचाप दरवाज़ा भेड़कर चली गई।

“नन्हों चाची, नन्हों चाची...” दुकान से कोई लड़का चीख़ रहा था, नन्हों माची पर से उठी और दुकान की ओर लपककर चली।

 

“क्या है रे— क्यों चीख़ रहा है ऐसे।”

“यह देखो, किसना बेर लेकर भाग रहा है...” जन्नू ने हकलाते हुए कहा। वह ललचाई आँखों से लाल-लाल बेरों से भरी टोकरी को देख रहा था।

 

“अच्छा, भाग रहा है तो भागने दे, तू भी ले और भाग यहाँ से, हल्ला मत मचाओ यहाँ...” लड़के जेबों में बेर भर खिलखिलाते हुए बाहर चले गए। नन्हों ने दरवाज़ा बंद कर लिया और रसोई में चली गई।

कलकत्ते की गाड़ी शाम सात बजे के क़रीब आती थी। नन्हों आँगन में चारपाई डाले लेटी थी। झिलँगी चारपाई थी, मूँज की। पैरों में रेशों की चुभन अजीब लगती। हवा पहले जैसी सर्द न थी। हल्की गर्मी गुलाबी रंग की तरह हर झकोरे में समाई हुई थी। नन्हों के खुले हुए काले बाल सिरहाने की पाटी से ज़मीन तक लटके हुए थे। वह चुपचाप नीले आसमान के तारों को देख रही थी। आँगन की पूर्वी दीवार की आड़ से शायद चाँद निकल रहा होगा, क्योंकि उजला-उजला ढेर-सा प्रकाश मुंडेरे की छाजन पर मिट्टी की पटरियों से टकराकर चमक रहा था।

 

साँकल खड़की।

“भौजी!”

 

सुभग पाँच साल के बाद लौटा था।

नन्हों ने दरवाज़ा खोला। सुभग था सामने। अँधेरे में वह उसे देखती रही।

 

“आ जाओ” पंखुड़ियों के चिटकने जैसी आवाज़ सन्नाटे मे उभरकर खो गई। दोनों बिलकुल ख़ामोश थे। रामसुभग आँगन की चारपाई पर आकर बैठ गया। एक अजीब सन्नाटा दोनों को घेरकर बैठ गया था।

खा-पीकर रामसुभग जब सोने के लिए अपनी चारपाई पर गया, तो माची खींचकर नन्हों उसके पास ही बैठ गई।

 

“क्यों बाबू, बहुत दिनों के बाद सुध ली...” नन्हों ने ही बात शुरू की—“बहुत दुबले हो गए हो, बीमार तो नहीं थे?”

“नहीं तो,” रामसुभग बोला— “पाँच साल तक तो भुलाने की कोशिश करता रहा भौजी, पर भूलता नहीं। मैंने कई बार सोचा कि चलकर तुमसे माफ़ी माँग लें, पर हिम्मत न हुई। अब की मैंने तय किया कि जो कहना है कह ही जाऊँ। मैंने अनजाने में गलती कर दी भौजी। मैं नहीं जानता था कि मेरी तनिक-सी ग़लती इतना फल देगी। मैंने जो कुछ किया मिसरी भैया की ख़ुशी के लिए ही, पर क़सूर तो है ही, चाहे वह जैसे भी मन से हो...” रामसुभग ने ज़मीन पर देखते हुए कहा— “मेरे क़सूर को तुम ही माफ़ कर सकती हो...।”

 

“क़सूर कैसा लाला, तुम जिसे क़सूर कहते हो वह मेरे भाग्य का फल था। तुम समझते हो कि बाबूजी को कुछ नहीं मालूम था। मालूम तो उन्हें तभी हो गया जब डोला भेजने की बात हुई। बिगड़ने वाली बात को सभी पहले से जान लेते हैं बाबू, जिनके पास बल है उसे नहीं होने देते; जो कमज़ोर हैं उसे धोखा कहकर छिपाते हैं...बाबू को सब मालूम हो गया था, पर अच्छे घर के लिए जो चाहिए वह बाबू कहाँ से लाते! इसमें तुम तो एक बहाना बन गए, तुम्हारा क्या क़सूर है इसमें...” नन्हों ने आँचल से आँखें पोंछ ली। रामसुभग बेवकूफ़ की तरह आँखें फाड़कर अँधेरे में नन्हों को देखता रहा।

“अच्छा बाबू, थके हो, सबेरे फिर बातें कर लूँगी...” नन्हों उठकर अपने घर में चली गई।

 

रामसुभग तीन दिन तक रहा। तीन दिनों में शायद ही वह दो-एक बार गाँव में घूमने गया। दिन-रात नन्हों से बातें करना ही उसका काम था— दुनिया भर की बातें, कलकत्ते की, बाप की, माँ की, भाइयों और भौजाइयों की। नन्हों रामसुभग को एक़दम बदली हुई लगती। उसकी आँखो में अब पहले जैसी तीखी चमक नहीं थी, उसके स्थान पर ममता और स्नेह का जल भरा था। अब वह एकटक सुनसान कोने को नहीं देखती थी, पर बरौनियों में नमी अब भी पहले जैसी ही थी। नन्हों को इस नए रूप में देखकर सुभग का मन नई आशा से भरने लगा। तो क्या यह सब हो जाएगा— क्या भाग्य की गणना फिर सही हो जाएगी? पर नन्हों से कुछ कह पाना उसके लिए सदा ही कठिन रहा है। वह आज भी पिछली दो घटनाओं को भूला नहीं था, पर नन्हों भी तो ऐसी पहले न थी।

आज नन्हों को फिर पुरानी बातें याद आ रही हैं। रैदास के गीत की वह पंक्ति न जाने फिर क्यों बार-बार याद आने लगी है!

 

“जो तुम तोरहु तो हम नाहिं तोरहिं, तुम सों तोर कवन सो ज़ोरहि?”

वह ख़ुश है, प्रसन्न है। पर रामसुभग को चैन नहीं। शायद चलने की बात करूँ तो वह कुछ खुल के कहेगी। इसी आशा से उस दिन सुबह ही सुभग ने कहा— “भौजी, अब मैं गाँव जाऊँगा, आज रात वाली गाड़ी से।”

 

“क्यों बाबू, मन नहीं लग रहा है?”

“मन तो लग रहा है...पर...”

 

“अच्छा, ठीक है।”

रामसुभग इस उत्तर से कुछ समझ न सका। वह मन-मारे अपने कमरे में बैठा रहा। शायद चलते वक़्त कुछ कहे, शायद फिर लौट आने के लिए आग्रह करे।

 

शाम को अपना सामान बाँधकर जब सुभग तैयार हुआ, तो नन्हों अपने घर में से निकलकर आई।

“तैयारी हो गई लाला?”

 

“हाँ।”

नन्हों ने आँचल से हाथ निकाला और रामसुभग की ओर हाथ बढ़ाकर

 

कहा—“यह तुम्हारा रूमाल है लाला।”

रामसुभग काठ की तरह निश्चेष्ट हो गया—“पर इसे तो मैंने ‘मुँहदेखाई’ में दे दिया था भाभी!”

 

“बाबू ने तुम्हारा मुँह देखकर मुझे अनदेखा सुहाग सौंपा था, तुम्हारी माँ ने उसी के अमर रहने के लिए रुपए दिए थे आशीर्वाद में। बड़ों ने जो दिया उसे मैंने माथे पर ले लिया। मैं कमज़ोर थी बाबू, भाग्य से हार गई। पर आज तो मैं अपने पैरों पर खड़ी हूँ, आज मुझे तुम हारने मत दो। तुम्हारा रूमाल मेरे पाँव बाँध देता है लाला, इसी से लौटा रही हूँ, बुरा न मानना...

रामसुभग ने धीरे से रूमाल ले लिया। नन्हों उसका जाना भी देख न सकी। आँखें जल में तैर रही थी। दीए की लौ जटामासी के फूल की तरह कई फाँकों में बँट गई। नन्हों ने किवाड़ तो बंद कर लिया, पर साँकल न चढ़ा सकी।

 

शिवप्रसाद सिंह

#समाजकीबात #samajkibaat #Sahitya #साहित्य

#कृष्णधरशर्मा #Krishnadharsharma