मैं ख़रिफ़ की फसल के बाद
सोऊँगा
सोऊँगा ज़रूर रबी की फसल के बाद
हहकारते खाली खलिहानों को
भर देने के बाद अन्न धन से
अन्न को अलगिया देने के बाद
पुआलों से
मैं होरहे की गंध के साथ सोऊँगा
बादल को न्योत लूँ पहले
सूर्य को दे लूँ अर्घ
घूर पर बार लूँ दिए
ता लूँ तमाम मूसों के बिल
फिर
फिर मैं सोऊँगा
मैं सोने के लिए ही तो करूँगा यह सब
कभी-कभी सोचता हूँ
कि यदि न आने वाली होती नींद
तो
तो मैं क्या जवाब देता
अपनी हड़बड़ी का
यदि न आने वाली होती नींद
तो क्या सचमुच कर रहा होता यह सब
तब मैं क्या सोच रहा होता
यह सब करते हुए
कितना बड़ा आशीर्वाद है भगवन्
तेरी यह दी हुई नींद!
हिंदी साहित्य Hindi
sahitya Literature
समाज की बात samajkibaat
कृष्णधर शर्मा Krishnadhar
sharma
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें